देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि शासकीय कार्यों की व्यस्तता के बीच कर्मचारियों और अधिकारियों द्वारा खेल गतिविधियों को अपनाना अत्यंत आवश्यक है। खेल न केवल जीवन में अनुशासन लाते हैं, बल्कि तनाव को दूर कर शरीर और मन को स्वस्थ भी रखते हैं। उन्होंने कहा कि निरोगी रहना मनुष्य की सबसे बड़ी पूंजी है और खेल इस दिशा में सबसे प्रभावी माध्यम हैं।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि अन्तर्विभागीय बैडमिंटन प्रतियोगिता भविष्य में भी निरंतर आयोजित होती रहेगी, जिससे कर्मचारियों और अधिकारियों में सकारात्मक ऊर्जा, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का विकास होगा।
10वीं अन्तर्विभागीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ
इन विचारों के साथ मुख्यमंत्री ने शनिवार को बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल, परेड ग्राउंड, देहरादून में उत्तराखंड सचिवालय बैडमिंटन क्लब द्वारा आयोजित 10वीं अन्तर्विभागीय बैडमिंटन प्रतियोगिता–2025 का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वयं बैडमिंटन खेलकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी किया।
प्रतियोगिता में राज्य के 42 विभागों के कर्मचारी और अधिकारी भाग ले रहे हैं।
राष्ट्रीय खेलों से बदली खेल अवसंरचना की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड हर क्षेत्र में देश के सामने एक उदाहरण बनकर उभर रहा है। राज्य नवाचारों, ऐतिहासिक निर्णयों और जनहितकारी नीतियों के माध्यम से विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में उत्तराखंड में पहली बार राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन किया गया, जिससे राज्य में खेल अवसंरचना और सुविधाओं का व्यापक विस्तार हुआ है।
उत्तराखंड को ‘खेल भूमि’ बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में खेलों को प्रोत्साहित कर राज्य को ‘खेल भूमि’ के रूप में विकसित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि राज्य के युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से बन रही खेल महाशक्ति
बैडमिंटन क्लब के अध्यक्ष हीरा सिंह बसेड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाओं का तेजी से विकास हो रहा है। खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन और निरंतर प्रोत्साहन मिल रहा है, जिससे उत्तराखंड एक उभरती हुई खेल महाशक्ति के रूप में पहचान बना रहा है।
कार्यक्रम में विधायक खजान दास, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, बैडमिंटन क्लब के अध्यक्ष हीरा सिंह बसेड़ा, प्रमोद कुमार, भूपेंद्र बसेड़ा, जे.पी. मैखुरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और खिलाड़ी उपस्थित रहे।
More Stories
दिव्यांग और कमजोर वर्ग तक अधिकारी खुद पहुँचें, घर-घर समाधान हो: सीएम धामी
प्रत्येक जनपद में वन्यजीव नसबंदी केंद्र की होगी स्थापना – मुख्यमंत्री धामी
हरिद्वार के बुग्गावाला में ‘मशरूम ग्राम’ का शुभारंभ, किसानों की आय बढ़ाने की नई पहल