April 2, 2026

LIVE SAMIKSHA

KHABAR KA ASAR

देवकीनंदन ठाकुर महाराज ने की सीएम धामी से भेंट,सांस्कृतिक मुद्दों पर चर्चा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज मुख्यमंत्री आवास में प्रसिद्ध कथा वाचक एवं आध्यात्मिक गुरु देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान महाराज जी ने राज्य में चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं में किए गए सुधारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में यात्रा पहले की अपेक्षा अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुदृढ़ हुईहै।

सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक जागरण पर चर्चा

भेंट के दौरान दोनों के बीच सनातन संस्कृति के संरक्षण, आध्यात्मिक जागरूकता के प्रसार तथा समाज में नैतिक मूल्यों के सुदृढ़ीकरण को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने महाराज जी के आध्यात्मिक और सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो रहा है और युवाओं को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है।

देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत पर जोर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड, जिसे देवभूमि के नाम से जाना जाता है, सदियों से आध्यात्मिक साधना और धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। राज्य सरकार इस समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है। साथ ही धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाओं का विकास भी प्राथमिकता में रखा गया है।

रोपवे परियोजनाओं की सराहना

देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए जा रहे प्रयासों को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे देश-विदेश से आने वाले यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल रहा है। उन्होंने केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी प्रशंसा की और इसे महत्वपूर्ण पहल बताया।

धार्मिक स्थलों के पुनर्विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देश में सनातन संस्कृति और धार्मिक स्थलों के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं। राज्य सरकार भी केदारनाथ, बद्रीनाथ सहित अन्य धार्मिक स्थलों के पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण के लिए व्यापक कार्य कर रही है।

आध्यात्मिक कार्यक्रमों और सामाजिक अभियानों पर चर्चा

महाराज जी ने अपने विभिन्न सामाजिक और धार्मिक अभियानों की जानकारी साझा की और राज्य में भविष्य में आयोजित होने वाले आध्यात्मिक कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार ऐसे सभी प्रयासों में सहयोग प्रदान करेगी, जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार में सहायक हों।