April 5, 2026

LIVE SAMIKSHA

KHABAR KA ASAR

उत्तराखंड को ₹461 करोड़ की बड़ी सौगात, भूस्खलन प्रभावित स्थलों के सुधार को मिली मंजूरी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में भूस्खलन प्रभावित स्थलों के उपचार एवं मरम्मत के लिए ₹461 करोड़ की स्वीकृति पर केंद्र सरकार और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया। उन्होंने इसे राज्य के लिए एक दूरगामी और महत्वपूर्ण निर्णय बताया।

एनएच-134 पर 17 स्थलों के सुधार को मंजूरी

इस स्वीकृति के तहत उत्तरकाशी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-134 पर भूस्खलन से प्रभावित 17 स्थलों के उपचार के लिए ₹233 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। यह मार्ग चारधाम यात्रा का अहम हिस्सा है और यमुनोत्री धाम को जोड़ता है।

चारधाम यात्रा होगी अधिक सुरक्षित

राष्ट्रीय राजमार्ग-134, जो धरासू और कुठनोरी से होकर गुजरता है, लंबे समय से भूस्खलन के लिहाज से संवेदनशील रहा है। इन कार्यों के पूर्ण होने से मार्ग की स्थिरता बढ़ेगी और यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का अनुभव मिलेगा।

एनएच-09 पर सीमांत क्षेत्रों को मजबूती

पिथौरागढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-09 के तवाघाट-घटियाबागड़ खंड पर 3 संवेदनशील स्थलों के उपचार के लिए ₹228 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। इससे सीमांत क्षेत्रों तक कनेक्टिविटी बेहतर होगी और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

पर्यटन और सुरक्षा को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल न केवल आपदा जोखिम को कम करेगी, बल्कि राज्य के पर्यटन, धार्मिक यात्राओं और स्थानीय आवागमन को भी नई मजबूती देगी।

केंद्र-राज्य समन्वय से मजबूत होगा इंफ्रास्ट्रक्चर

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से उत्तराखंड में सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ बनाने का कार्य लगातार जारी है। यह स्वीकृति प्रदेश के समग्र विकास और आपदा प्रबंधन क्षमता को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है।