May 25, 2026

LIVE SAMIKSHA

KHABAR KA ASAR

हल्द्वानी में मुख्यमंत्री धामी ने सुनी जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

जनपद नैनीताल के भ्रमण पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हल्द्वानी-काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में आम जनता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मौके पर ही शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध और संतुष्टिपरक समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य कर जनता को राहत पहुंचानी चाहिए।

पेयजल, सड़क, बिजली और सिंचाई से जुड़ी समस्याएं उठीं

जनसुनवाई के दौरान पेयजल आपूर्ति, ग्रामीण सड़कों की खराब स्थिति, विद्युत आपूर्ति और सिंचाई से जुड़ी शिकायतें प्रमुखता से सामने आईं। मुख्यमंत्री ने पेयजल निगम को ग्रीष्मकाल को देखते हुए आवश्यकतानुसार टैंकरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा खराब नलकूपों और हैंडपंपों को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता पर दुरुस्त करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त करने तथा विद्युत विभाग को निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रामसिंह कैड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, विधायक सरिता आर्या, दायित्वधारी अनिल कपूर डब्बू, दिनेश आर्या, ध्रुव रौतेला, भावना मेहरा, दीपक मेहरा, आयोग सदस्य जेड. ए. वारसी, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।