October 5, 2026

LIVE SAMIKSHA

KHABAR KA ASAR

एसआईआर के बाद देहरादून में 3,992 मतदाता बढ़े, अंतिम सूची जारी…

 

देहरादून। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद शनिवार को देहरादून जिले की फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अंतिम मतदाता सूची की जानकारी साझा की। इस दौरान जिले की सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली और सर्विस निर्वाचक नामावली की हार्ड और सॉफ्ट कॉपी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई गई।

जिलाधिकारी ने एसआईआर में सहयोग के लिए राजनीतिक दलों का आभार जताते हुए आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में भी सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से जुड़े सभी दायित्व भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरे किए जाएं।

11.94 लाख से अधिक मतदाता

14 जुलाई को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में जिले में कुल 11,90,805 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें 6,15,349 पुरुष, 5,75,404 महिलाएं और 52 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल थे। एसआईआर के बाद जारी अंतिम सूची में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 11,94,797 हो गई है। इनमें 6,17,041 पुरुष, 5,77,706 महिलाएं और 50 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। इसके अलावा 9,371 सर्विस मतदाता भी पंजीकृत हैं।

पुनरीक्षण के दौरान 36,042 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए, जबकि मृत्यु, स्थानांतरण और अन्य कारणों से 32,050 नाम हटाए गए। इस तरह प्रारूप सूची की तुलना में अंतिम सूची में 3,992 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि हुई है।

सहसपुर में सबसे अधिक मतदाता

विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों में सहसपुर 1,60,507 मतदाताओं के साथ सबसे आगे है। धर्मपुर में 1,50,400, डोईवाला में 1,46,980, रायपुर में 1,38,164 और ऋषिकेश में 1,25,553 मतदाता पंजीकृत हैं।

चकराता में 1,04,060, विकासनगर में 1,00,402, मसूरी में 98,953, देहरादून कैंट में 89,209 और राजपुर रोड में 80,569 मतदाता हैं। जिले की सभी 10 विधानसभा सीटों के लिए कुल 2,045 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी रविंद्र ज्वांठा, जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र देवली सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।