मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को अल्मोड़ा जिले के दन्या स्थित रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इससे पहले मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय दन्या में 4 करोड़ 96 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। नए भवन के बनने से छात्रों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
दन्या क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए कई योजनाओं की घोषणा की। इनमें शामिल हैं—
अल्मोड़ा में शहीद बीरेश्वर गोस्वामी के नाम पर भव्य द्वार का निर्माण किया जाएगा।
चमतोला खेल मैदान का निर्माण किया जाएगा।
राजकीय महाविद्यालय गरुड़ाबांज में मिनी स्टेडियम बनाया जाएगा।
जीआईसी गरुड़ाबांज में चार अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का निर्माण किया जाएगा।
प्रेम मंदिर और राधा-कृष्ण मंदिर स्थल का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
खेती जटेश्वर मोटर मार्ग के कचौरी स्थान से कलूटा पोलिंग बूथ तक मोटर मार्ग का निर्माण किया जाएगा।
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चगेठी का उच्चीकरण किया जाएगा।
उत्तराखंड के समग्र विकास पर मुख्यमंत्री ने दिया जोर
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी क्षेत्रों के संतुलित और समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है तथा उत्तराखंड भी तेजी से प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि केदारखंड और मानसखंड क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।
जागेश्वर धाम के विकास पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने कहा कि जागेश्वर धाम के मूल स्वरूप को संरक्षित रखते हुए जागेश्वर मास्टर प्लान के तहत विकास और सौंदर्यीकरण कार्य किए जा रहे हैं। धाम में पार्किंग क्षमता बढ़ाने के साथ ही श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य में शीतकालीन पर्यटन, आयुर्वेद और योग आधारित पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन फेस्टिवल’ योजना के तहत स्थानीय मेलों और सांस्कृतिक आयोजनों को नई पहचान मिल रही है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं।
युवाओं और फिल्म क्षेत्र को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को देश का मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट बनने का गौरव प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि नकल विरोधी कानून लागू होने से युवाओं का भर्ती परीक्षाओं में विश्वास मजबूत हुआ है और भ्रष्टाचार के खिलाफ राज्य सरकार लगातार सख्त कदम उठा रही है।
अजय टम्टा ने डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां बताईं
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में उत्तराखंड का तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
श्रीमद्भागवत कथा में शामिल हुए मुख्यमंत्री
जनसभा के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दन्या निवासी पवन पंत के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने श्रीमद्भागवत कथा में भाग लिया और कथा का श्रवण किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
कार्यक्रम में विधायक मोहन सिंह महरा, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
More Stories
समाधान दिवस में डीएम का एक्शन मोड, लापरवाह अधिकारियों पर सख्ती
बदरीनाथ धाम में दान-चढ़ावे की शिकायतों की जांच को उच्चस्तरीय समिति गठित…
धामी सरकार के 5 साल पूरे, सेवा पखवाड़े की शुरुआत; 219 करोड़ की 51 विकास योजनाओं की सौगात