November 3, 2026

LIVE SAMIKSHA

KHABAR KA ASAR

22.15 करोड़ की विकास योजनाओं को मुख्यमंत्री धामी की मंजूरी…

 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में 26 विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए 22 करोड़ 15 लाख 32 हजार रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति को अनुमोदन प्रदान किया है। स्वीकृत कार्यों में सड़क और नाली निर्माण, सुरक्षात्मक कार्य, तारबाड़, धार्मिक एवं मेला स्थलों का सौंदर्यीकरण, हैंडपंपों की स्थापना तथा विद्युत संबंधी कार्य शामिल हैं।

देहरादून जिले के मसूरी विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 8.96 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनमें आरकेडिया के मिठ्ठी बेहड़ी में आंतरिक सड़क, नाली और सुरक्षात्मक कार्य, कैनाल रोड जाखन नगर, मालसी, गढ़ी कैंट के नागेश्वर, संजय विहार, टपकेश्वर, रोजपुर रोड, दून विहार, डोभालवाला, घोरणखास, किशननगर और विजय कॉलोनी में सड़क एवं नाली निर्माण से जुड़े कार्य शामिल हैं।

पिथौरागढ़ जिले में चार कार्यों के लिए 3.44 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनमें डीडीहाट के लीमा टोडा में सीसी मार्ग, धारचूला के गटघोरगाड़ी में नौलिंग मेला स्थल, विकासखंड विण की ग्राम सभा उपरतोला में आंतरिक मार्ग तथा खोलीमाली कन्यूरी में खड़ंजा, सीसी मार्ग, पुलिया और सुरक्षात्मक कार्य शामिल हैं।

अल्मोड़ा जिले में सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के ताकुला मंडल में सूअर रोधक तारबाड़ के लिए 45.63 लाख रुपये और जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में दन्या के पास सिद्धेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 97.08 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 58.248 लाख रुपये की पहली किस्त का शासनादेश भी जारी किया गया है।

चंपावत जिले में मटेला के राजस्व ग्राम भगीनाखेत स्थित भौलेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 25 लाख, खटोली के भगवती मेला स्थल के लिए 50 लाख और बुगाख्याली के भागेश्वर मेला स्थल के लिए 25 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। वहीं लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ठांटा में ऐतिहासिक दूधाधारी भगवती मेला स्थल के सौंदर्यीकरण, दर्शक दीर्घा और ध्यान केंद्र निर्माण के लिए 97.10 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।

टिहरी गढ़वाल जिले के देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में कीर्तिनगर स्थित चौकी महादेव शिवालय के सौंदर्यीकरण के लिए 67.87 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

हरिद्वार जिले में पेयजल सुविधाओं के विस्तार के लिए झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों में 50 हैंडपंप लगाने को 99.44 लाख रुपये तथा लक्सर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में 50 हैंडपंप स्थापित करने के लिए 1.23 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।

पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में नगर निगम के विभिन्न स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए विद्युत पोल स्थापना, लाइन निर्माण और लाइन शिफ्टिंग के कार्यों हेतु 3.44 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। सड़क, पेयजल, विद्युत और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने के साथ निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।