देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीते चार वर्षों में सरकारी सेवा में चयनित हुए कार्मिकों को डिजिटल माध्यम से पत्र लिखकर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। मुख्यमंत्री ने पत्र के माध्यम से चयनित युवाओं को ईमानदारी, निष्पक्षता और जनसेवा के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने पत्र में कहा कि वर्ष 2022 में उत्तराखंड की जनता ने उन्हें दूसरी बार प्रदेश का दायित्व सौंपा, जिसके बाद राज्य में बेरोजगारी की समस्या को कम करने के उद्देश्य से सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती अभियान को तेज किया गया। उन्होंने बताया कि बीते चार वर्षों में राज्य सरकार द्वारा लगभग 30 हजार से अधिक युवाओं को राजकीय सेवक के रूप में नियुक्ति दी जा चुकी है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब युवा अपनी प्रतिभा और कठिन परिश्रम के बल पर सरकारी सेवाओं में चयनित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के कठोर नकल विरोधी कानून तथा निष्पक्ष, ईमानदार और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया ने योग्य युवाओं को उचित अवसर और सम्मान दिलाने का कार्य किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का राजकीय सेवक बनना न केवल चयनित कार्मिकों और उनके परिवारों के लिए, बल्कि राज्य सरकार के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने नवचयनित कार्मिकों से निष्पक्ष एवं ईमानदार रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने और मानवीय मूल्यों के साथ आमजन की सेवा में सदैव तत्पर रहने की अपील की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कई चयनित युवाओं से दूरभाष पर बातचीत कर उन्हें उत्साहपूर्वक जनसेवा में योगदान देने के लिए प्रेरित भी किया।
More Stories
दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में भूकंप के झटके, अफगानिस्तान में था केंद्र
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उप सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई की भेंट, सामरिक मुद्दों पर चर्चा
उत्तराखंड पुलिस को “राष्ट्रपति पुलिस कलर सम्मान, सीएम धामी ने दी बधाई