May 27, 2026

LIVE SAMIKSHA

KHABAR KA ASAR

उत्तराखंडः मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने की आंगनवाड़ी योजनाओं की समीक्षा, एफआरएस से राशन वितरण के निर्देश

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित मिशन सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण, मिशन वात्सल्य और मिशन शक्ति से संबंधित राज्य स्तरीय मूल्यांकन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

टेक होम राशन का 100 प्रतिशत वितरण एफआरएस से करने के निर्देश

बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने टेक होम राशन (टीएचआर) का शत-प्रतिशत वितरण फेस रिकग्निशन सिस्टम (एफआरएस) के माध्यम से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र पूरी करने को कहा गया।

जिलास्तरीय समन्वय समितियों की नियमित बैठकें हों

मुख्य सचिव ने जिलास्तरीय अंतर्विभागीय समन्वय समितियों की बैठकें तय समय पर नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो और समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जा सके।

सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में बिजली और पेयजल सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश

मुख्य सचिव ने सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में विद्युत और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन केंद्रों में ये सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, उनकी सूची संबंधित विभागों को उपलब्ध कराई जाए। आवश्यकता पड़ने पर इसके लिए अतिरिक्त फंड भी उपलब्ध कराया जाएगा।

बिना भवन वाले आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए पंचायत भवनों के उपयोग पर जोर

मुख्य सचिव ने कहा कि जिन आंगनवाड़ी केंद्रों के पास अपने भवन नहीं हैं, वहां अनुपयोगी पुराने पंचायत भवनों का उपयोग किया जाए। विभाग ऐसे भवनों की मरम्मत कर उन्हें उपयोग में लाए। असुरक्षित पंचायत भवनों को ध्वस्त कर नए भवनों का निर्माण भी कराया जाए।

बाल देखरेख संस्थाओं का कराया जाएगा थर्ड पार्टी ऑडिट

बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित सभी राजकीय एवं स्वैच्छिक बाल देखरेख संस्थाओं का थर्ड पार्टी ऑडिट कराए जाने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा, सचिव चन्द्रेश कुमार यादव, डॉ. वी. षणमुगम, रणवीर सिंह चौहान समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।